Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एचपीडीए इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार को एक खाली प्लॉट में दल-दल में अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव पानी और कीचड़ से भरे दलदली स्थान पर पड़ा हुआ था। आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों ने जब शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, जुटी भीड़
कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहीं घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को शव के पानी और कीचड़ में फंसे होने की सूचना मिली थी।
शिनाख्त में जुटी पुलिस, कर्मचारियों से पूछताछ
शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी। दलदल अधिक होने के कारण पुलिस को शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने आसपास के लोगों और इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी ने दी जानकारी
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार बालियान ने बताया कि शव करीब 8-10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-transport-department-cracks-down-on-old-ve/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdV43Z7heX6/?stkn=MTF2czcybm82dTVycw==




