Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं। सरस्वती मेडिकल कॉलेज से निजामपुर की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर रेलवे पुल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
गलत दिशा बनी मौत की वजह
जानकारी के अनुसार यूपी 37 5272 नंबर की बाइक पर बक्सर गांव थाना सिंभावली निवासी वसीम और उसकी पत्नी शाहीन सवार थे। दोनों पिलखुवा की तरफ से हापुड़ की ओर गलत दिशा में आ रहे थे। सामने से आ रही डीएल 5 एसएवाई 9394 नंबर की बाइक पर चमनपुरी कस्बा पिलखुवा निवासी राशिद सवार था जो हापुड़ से पिलखुवा की ओर जा रहा था।
अस्पताल में दो को मृत घोषित किया
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वसीम और उसकी पत्नी शाहीन को मृत घोषित कर दिया। घायल राशिद का इलाज अभी चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-woman-swindled-out-of-lakhs-in-hapur/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdQqOEcB_XJ/?stkn=ZGdkaGNuenk4eGp4




