Hapur News : हापुड़ में यात्रियों की सुरक्षा और अनाधिकृत यात्री वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से ऑपरेशन कवच के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हापुड़ ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिले में विभिन्न मार्गों पर बसों की जांच की गई।
परमिट और दस्तावेजों की हुई जांच
अभियान के दौरान क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जा रही बसों की विशेष जांच की गई। साथ ही परमिट शर्तों का उल्लंघन कर संचालित हो रही बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा और कर भुगतान समेत अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
दो दिन में 28 चालान और 10 बसें निरुद्ध
उन्होंने बताया कि 7 और 8 सितंबर को की गई कार्रवाई में 28 वाहनों के चालान किए गए और 10 बसों को निरुद्ध किया गया। इस दौरान कुल 6 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। क्षमता से अधिक सवारी ले जा रही बसों से यात्रियों को उतारकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ने बताया कि अनाधिकृत और नियम विरुद्ध संचालित बसों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाना है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-massive-fire-at-a-chemical-factory-in-the/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdBpNYBhHhD/?stkn=NzN5eXp2d3Y3cHZo




