Hapur News : धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, तीन अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंची लपटें, पूरे इलाके में हड़कंप

Hapur News : धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, तीन अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंची लपटें, पूरे इलाके में हड़कंप

Hapur News : हापुड़ के धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार सुबह एक केमिकल रीसाइक्लिंग फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। आग की लपटों ने आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काले धुएं का गुबार और लगातार हो रहे धमाकों से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई।

त्रिवेणी मेडिकेम में लगी आग

मिली जानकारी के अनुसार, आग धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में स्थित त्रिवेणी मेडिकेम नाम की केमिकल रीसाइक्लिंग फैक्ट्री में सुबह करीब 11 बजे लगी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री लाला घनश्यामदास की है। परिसर में भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल रखे होने के कारण आग कुछ ही मिनटों में बेकाबू हो गई और तेजी से फैल गई। लपटों ने पास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी घेर लिया जिससे वहां काम कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई।

धमाकों से दहशत में आए कर्मचारी

आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री के भीतर से लगातार धमाकों की आवाजें आती रहीं। तेज आवाजों से घबराए कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। पूरे इलाके में धुएं और डर का माहौल बन गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, इलाका सील किया

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने के लिए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और लोगों को फैक्ट्री के पास जाने से रोका ताकि कोई बड़ी अनहोनी न हो।

दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। दमकलकर्मी पानी और फोम की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे। केमिकल की मौजूदगी के कारण आग बार बार भड़क रही है। दमकल टीम की पहली कोशिश आग को अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोकने की है।

कई किलोमीटर तक दिखा काला धुआं, इंडस्ट्रियल एरिया में अलर्ट

फैक्ट्री से उठ रहा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा रहा था। जहरीली गैस के खतरे को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। पूरे इंडस्ट्रियल एरिया में अलर्ट जारी कर दिया गया है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

राहत की बात यह है कि इस हादसे में अभी तक किसी के घायल होने या अंदर फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।

आग लगने के कारणों की होगी जांच

आग किस वजह से लगी इसका कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। दमकल विभाग और पुलिस आग बुझने के बाद जांच शुरू करेगी। प्रशासन यह भी देखेगा कि फैक्ट्री में केमिकल सुरक्षा और आग से बचाव के जरूरी इंतजाम पूरे थे या नहीं। फिलहाल पूरे धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-police-clash-with-cow-slaughterers-in-hap/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdBX1mPh7O3/?stkn=MTVlenI3NnJwNDVjYg==