Hapur News : हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और गौकशी की योजना बना रहे लोगों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना दौताई नहर के पास सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल समेत दो लोगों को मौके से पकड़ लिया है जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटनास्थल से अवैध हथियार, कारतूस और पशु काटने में प्रयोग होने वाला सामान मिला है।
सूचना पर पहुंची पुलिस पर किया फायर
सीओ राहुल यादव ने बताया कि थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट को सूचना मिली थी कि दौताई नहर किनारे कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा हैं और गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसमें एक आरोपी घायल होकर गिर पड़ा।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिलाल निवासी बदरखा और जहीर निवासी दौताई के रूप में हुई है। घायल बिलाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पूछताछ में दोनों ने गढ़ क्षेत्र के खिलवाई गांव और अल्लाबख्शपुर के जंगल में हाल में हुई दो गौकशी की घटनाओं में शामिल होने की बात कही है। पुलिस उनके बयान की पुष्टि कर रही है।
शातिर अपराधी हैं दोनों आरोपी
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले से अपराध में लिप्त रहे हैं और हापुड़ तथा अमरोहा के विभिन्न थानों में उन पर गौकशी, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और पकड़े गए आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-office-bearers-of-an-ex-servicemens-orga/
ये भी पढ़ें : https://www.instagram.com/reel/DdBHgKBBAwa/?stkn=MXRzMDE0aHd1OGI5MA==




