Hapur News : इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर सऊदी में काम करने वाले युवक से लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर महिला पर मुकदमा

Hapur News : इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर सऊदी में काम करने वाले युवक से लाखों की ठगी, कोर्ट के आदेश पर महिला पर मुकदमा

Hapur News : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी एक युवक के साथ इंस्टाग्राम के जरिए करीब 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित पिछले चार साल से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है। आरोप है कि सोनाली वर्मा नाम की महिला ने निवेश की रकम दोगुनी करने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये हड़प लिए।

दो साल पहले शुरू हुई थी इंस्टाग्राम पर बातचीत

पीड़ित की मां हुस्नारा ने बताया कि उनके बेटे मोहलसन की करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर सोनाली वर्मा से बातचीत शुरू हुई थी। महिला ने उसे कम समय में पैसा डबल करने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर मोहलसन ने सऊदी अरब से ही अलग-अलग किस्तों में करीब 82 हजार सऊदी रियाल यानी करीब 21 लाख भारतीय रुपये महिला के बैंक खाते में भेज दिए। बाद में करीब एक लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए।

पैसे वापस मांगने पर और जमा करवाए 92 हजार

बताया गया कि 15 जून 2026 को जब मोहलसन घर लौटा तो उसने परिवार को पूरी बात बताई। परिवार ने महिला से रकम वापस करने को कहा तो उसने जल्द पैसे लौटाने का भरोसा देकर करीब 92 हजार रुपये और जमा करवा लिए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की।

घर बुलाकर फोटो खींचने और धमकी देने का आरोप

परिवार का आरोप है कि पैसे मांगने पर महिला ने युवक को अपने घर बुलाया, वहां उसकी फोटो खींची और गाली गलौज की। साथ ही जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस

परिवार ने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर हापुड़ देहात थाना पुलिस ने आरोपी महिला सोनाली वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बैंक खातों के लेनदेन, कॉल डिटेल और इंस्टाग्राम चैट समेत सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-deepak-injured-in-the-badnauli-shooting/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc9Me5fBFeE/?stkn=OWMyem0xa2ZvZXN6