Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में हुए गोलीकांड में घायल दीपक की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। दीपक का इलाज मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जहां उसकी हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी। मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद दोपहर तक शव गांव लाया जाएगा।
जाट और अनुसूचित समाज के बीच हुआ था विवाद
गौरतलब है कि शुक्रवार की सुबह गांव में जाट और अनुसूचित समाज के लोगों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर पथराव और गोलीबारी हुई। इस दौरान गोली लगने से तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें दीपक की हालत सबसे गंभीर थी।
मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान संदीप कुमार समेत पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। दीपक की मौत के बाद गांव में आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे गांव को छावनी में बदल दिया गया है।
हत्या की धाराओं में तरमीम होगा मुकदमा
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। दीपक की मौत के बाद मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम किया जाएगा और फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।



