मथुरा: धर्मनगरी मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित ‘स्वीटी सुपारी फैक्ट्री’ में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच विवाद गहरा गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में फैक्ट्री के पुराने श्रमिकों ने फैक्ट्री मालिक पर उत्पीड़न और वेतन में विसंगति का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस प्रदर्शन में खास बात यह रही कि पुरुष श्रमिकों के साथ-साथ महिला श्रमिकों की संख्या काफी अधिक रही।
वेतन में भेदभाव को लेकर आक्रोश
धरने पर बैठे श्रमिकों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन पुराने और अनुभवी कर्मचारियों की अनदेखी कर रहा है। श्रमिकों ने बताया कि नई भर्ती किए गए श्रमिकों को 13 हजार रुपये वेतन दिया जा रहा है, जबकि जो कर्मचारी वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उनके वेतन में कोई वृद्धि नहीं की गई है। पुराने श्रमिकों ने मांग की है कि उनका वेतन भी नए मानकों के आधार पर बढ़ाया जाए।
बोनस और वेतन में गड़बड़ी के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने सिर्फ वेतन वृद्धि ही नहीं, बल्कि बोनस वितरण में भी धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रमिकों का कहना है कि प्रबंधन द्वारा उनके हक का पैसा दबाया जा रहा है और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी से क्षुब्ध होकर श्रमिकों ने फैक्ट्री के बाहर फर्श बिछाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
गोविंद नगर क्षेत्र में चल रहे इस धरने के कारण माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती और वेतन वृद्धि लागू नहीं की जाती, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रबंधन ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए विवश होंगे।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
