Hapur News : जिले के मोहल्ला शंभूपुरा में एक जर्जर मकान का लिंटर अचानक गिर गया। हादसे में मकान के अंदर सो रहा युवक मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
नींद में दबा युवक, पैर में फ्रैक्चर
मिली जानकारी के अनुसार संभुपुरा निवासी नंदकिशोर रात में घर में सो रहे थे। मकान का लिंटर काफी समय से जर्जर था। इसी दौरान लिंटर के एक हिस्से का भारी प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। उस समय नंदकिशोर उसी जगह सो रहे थे, जिससे वह मलबे की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया बाहर
लिंटर गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर मलबा हटाया और काफी प्रयास के बाद नंदकिशोर को बाहर निकाला। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
हालत स्थिर, इलाज जारी
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने नंदकिशोर के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद परिवार में दहशत है। राहत की बात यह रही कि मलबे की चपेट में सिर्फ नंदकिशोर ही आए। अगर कोई और सदस्य वहां होता तो हादसा और बड़ा हो सकता था।




