Hapur News : हापुड़ के गांव दादरी निवासी संगीता रानी से कनाडा से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 14 लाख 58 हजार 900 रुपए ठग लिए गए। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद सोना, चांदी, हीरे और आईफोन पार्सल से भेजने का भरोसा दिलाया था। पार्सल एयरपोर्ट पर फंसने और विदेशी डॉलर को भारतीय रुपए में बदलने के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई गई। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर पुलिस से शिकायत की।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई बातचीत, व्हाट्सएप पर फंसाया
संगीता ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर अमन 418988 नाम की आईडी से उनकी पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। आरोपी ने खुद को कनाडा से जोड़ते हुए उन्हें महंगे गिफ्ट पार्सल के जरिए भेजने की बात कही।
पार्सल छुड़ाने के नाम पर वसूली गई रकम
कुछ समय बाद ठगों ने संगीता को बताया कि गिफ्ट का पार्सल एयरपोर्ट पर फंस गया है। उसे छुड़ाने के लिए शुल्क जमा करना होगा। इसके अलावा विदेशी डॉलर को भारतीय रुपए में बदलने के नाम पर भी अलग-अलग रकम मांगी गई। आरोपी की बातों में आकर महिला ने पैसे भेजने शुरू कर दिए।
ऑनलाइन और नकद मिलाकर गई लाखों की रकम
पीड़िता ने यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग खातों में 6 लाख 64 हजार रुपए भेजे। इसके अलावा 7 लाख 94 हजार 900 रुपए नकद भी विभिन्न खातों में जमा कराए। इस तरह कुल 14 लाख 58 हजार 900 रुपए ठग लिए गए। पार्सल नहीं पहुंचा और आरोपियों की ओर से लगातार पैसों की मांग होती रही, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर पुलिस में दर्ज कराई है। एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-dhanteras-festivities-in-hapurs-markets-bu/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfbZ7DUhoud/?dlrf=ZGhucHB4M3F2Nmtn



