Hapur News : हापुड़ में मिलेट्स महोत्सव कृषि मेला, किसानों को दी गईं वैज्ञानिक जानकारियां

Hapur News : हापुड़ में मिलेट्स महोत्सव कृषि मेला, किसानों को दी गईं वैज्ञानिक जानकारियां

Hapur News : हापुड़ में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के तहत वर्ष 2026-27 में एक दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव कृषि मेला का आयोजन मंगलवार को नवीन मंडी हापुड़ परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजयपाल आढ़ती ने फीता काटकर किया।

मिलेट्स फसलों के उत्पादन और उपयोगिता पर दिया गया जोर

उप कृषि निदेशक योगेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, अधिकारियों और किसानों का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मिलेट्स फसलों के उत्पादन, पोषक तत्वों और दैनिक जीवन में उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मिलेट्स को भोजन का हिस्सा बनाकर कुपोषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

कृषि वैज्ञानिकों ने बताई फसलों की नवीन तकनीकें

कृषि विज्ञान केंद्र बाबूगढ़ से पहुंचे वैज्ञानिक अरविंद यादव, आशीष त्यागी और पी.के. मडके ने किसानों को मिलेट्स, औद्यानिक फसलों और जायद में बोई जाने वाली फसलों की उन्नत एवं सघन खेती पद्धतियों के बारे में बताया। बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान मोदीपुरम मेरठ से आए नेत्रपाल शर्मा ने बासमती धान की उन्नत किस्मों और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की। केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान मेरठ के प्रधान वैज्ञानिक अजयवीर सिंह सिरोही ने पशुओं में होने वाले रोगों और उनकी रोकथाम के उपाय बताए।

विधायक ने भोजन में मिलेट्स शामिल करने की अपील की

मुख्य अतिथि विजयपाल आढ़ती ने अधिकारियों और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मिलेट्स न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं बल्कि जलवायु के अनुकूल भी हैं। उन्होंने सभी से अपने खेतों में मिलेट्स की खेती बढ़ाने और भोजन की थाली में मिलेट्स रेसिपी को शामिल करने की अपील की।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयोजक सुधीर शर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी हिमांशु रंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ओमवीर सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता हिमांशु सहित कई जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक योगेन्द्र कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *