Hapur News : हापुड़ में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, पेस्टिसाइड दुकानों से 17 नमूने लेकर जांच को भेजे

Hapur News : हापुड़ में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, पेस्टिसाइड दुकानों से 17 नमूने लेकर जांच को भेजे

Hapur News : किसानों को अच्छी गुणवत्ता की खाद, बीज और पेस्टिसाइड उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने शनिवार शाम चार बजे अचानक जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार की टीम ने दिल्ली गढ़ रोड स्थित दो पेस्टिसाइड दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद, बीज और पेस्टिसाइड के कुल 17 नमूने लिए गए जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।

रिकॉर्ड और गुणवत्ता की हुई जांच, नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी

जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकानों पर रखे कृषि उत्पादों की गुणवत्ता, बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड और निर्धारित नियमों के पालन की जांच की गई। जांच में इनसिक्टिसाइड्स एक्ट 1968 और इनसिक्टिसाइड्स रूल्स 1971 के नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया गया है।

खराब गुणवत्ता बर्दाश्त नहीं, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

उन्होंने बताया कि किसानों को घटिया या खराब गुणवत्ता की कृषि सामग्री बेचना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लैब से नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी नमूने में गुणवत्ता की कमी या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

औचक कार्रवाई से विक्रेताओं में हड़कंप, आगे भी जारी रहेगा अभियान

कृषि विभाग के अचानक चले इस जांच अभियान से खाद, बीज और पेस्टिसाइड विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को कृषि उत्पादों की बिक्री निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित में इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-deputy-cm-keshav-maurya-thunders-in-hapur/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdeivM-B9Og/?stkn=OXB1bmowbGI3Y2gw