Hapur News : चार साल पुरानी हत्या का खुला राज, हापुड़ कोर्ट ने हत्यारे को दी आजीवन कारावास की सजा

Hapur News : चार साल पुरानी हत्या का खुला राज, हापुड़ कोर्ट ने हत्यारे को दी आजीवन कारावास की सजा

Hapur News : हापुड़ में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम हनी गोयल की अदालत ने नरेश हत्याकांड में अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने दोषी विश्वजीत पासवान उर्फ दद्दू को उम्रकैद की सजा से दंडित किया है।

जुर्माने के साथ अतिरिक्त सजा

अदालत ने दोषी पर कुल 55 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। साक्ष्य मिटाने के अपराध में उसे पांच साल की साधारण कैद की अलग से सजा सुनाई गई है।

स्कूल में रहकर करते थे सफाई का काम

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता नरेश चंद शर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी देवेंद्री ने गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने पति नरेश के साथ ब्रजघाट स्थित शक्ति पब्लिक स्कूल, गुरुद्वारा रोड पुरानी टंकी में करीब एक महीने से रहकर साफ-सफाई का काम करती थीं। इससे पहले दंपती चार-पांच साल तक विनय मिश्रा की धर्मशाला अमृत परिसर में रह रहे थे।

बेटी के ससुराल से लौटी तो पति मृत मिले

एक अक्टूबर 2022 की शाम देवेंद्री अपनी बेटी मानवी की ससुराल गांवड़ी गई थीं। दो अक्टूबर को लौटने पर उन्हें पति नरेश स्कूल में मृत मिले। जांच के दौरान पता चला कि नरेश का देवरिया जिले के पचलड़ी थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव निवासी विश्वजीत पासवान उर्फ दद्दू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि विश्वजीत ने नरेश के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

जांच के बाद अदालत में पेश हुआ आरोपपत्र

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की और आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया। शनिवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने विश्वजीत को दोषी करार दिया।

दो अपराधों में दो सजाएं

हत्या के मामले में उम्रकैद के साथ 50 हजार रुपए जुर्माना और साक्ष्य मिटाने के मामले में पांच साल की साधारण कैद सुनाई। दोनों मामलों में कुल 55 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-work-assignments-of-9-police-personnel-cha/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DgSwexjha4i/?bqrl=MW9rMnRmbmJpajhydQ==