ग्रेटर नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना दादरी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दादरी बाईपास के पास घेराबंदी कर एक लग्जरी ब्रेजा कार से तस्करी कर ले जाई जा रही 34 पेटी अवैध हरियाणा मार्का शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
दादरी बाईपास जारचा अंडरपास के पास दबोचे गए तस्कर
थाना दादरी पुलिस शुक्रवार (22 मई 2026) को क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा से अवैध शराब की एक बड़ी खेप लग्जरी कार के जरिए सप्लाई के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दादरी बाईपास जारचा अंडरपास के पास जाल बिछाया। पुलिस ने जब एक संदिग्ध विटारा ब्रेजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP 11 CR 4968) को रोककर उसकी तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों तस्कर
पुलिस ने कार सवार दोनों तस्करों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
सर्वेश (उम्र 32 वर्ष) पुत्र मनीराम, निवासी ग्राम दैपुरा (थाना अटेर, जिला भिंड, मध्य प्रदेश)
निशान्त (उम्र 20 वर्ष) पुत्र सुरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम कारेकपुरा (थाना अटेर, जिला भिंड, मध्य प्रदेश)
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये तस्कर हरियाणा से कम दामों पर शराब खरीदकर उत्तर प्रदेश और आस-पास के राज्यों में महंगे दामों पर सप्लाई करते थे। दादरी पुलिस ने इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
स्रोत: मीडिया सेल (पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर)
