Hapur News : हापुड़ में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री केपी मलिक की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले गढ़ गंगा मेले के सफल आयोजन के लिए जनपद के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समस्त टीम को बधाई दी।

विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जनपद में हो रहे विकास कार्यों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी कार्य जनपद में किए जा रहे हैं, उस कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जो भी विकास कार्य किए जा रहे हैं, उसमें जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर निरीक्षण भी करा दिया जाए।

गौशालाओं में सर्दी से बचाव के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद की सभी गौशालाओं में सर्दी से बचाव के लिए संसाधन, हरे चारे की उपलब्धता, भूसा तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।
वृद्धा पेंशन और सामूहिक विवाह योजना की ली जानकारी
प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वृद्धा पेंशन न मिलने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस पर समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वृद्धा पेंशन में पेंशनरों की केवाईसी व अन्य जानकारी अपडेट होने के कारण वृद्धा पेंशन रुकी हुई थी। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की भी जानकारी प्राप्त की।
अस्पतालों में साफ सफाई और दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक चिकित्सालय में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। प्रभारी मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वर्तमान में खांसी, जुकाम एवं बुखार के मरीजों को देखते हुए सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक चिकित्सालय में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने पर जोर
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाया जाए तथा सरकार द्वारा बच्चों को जो भी सुविधा दी जा रही है, इसका लाभ समय से ही बच्चों को दिलाया जाना सुनिश्चित करें।
योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, इसका लाभ पात्र व्यक्ति तक अवश्य पहुंचना चाहिए तथा जनपद में जितने भी निर्माण के कार्य चल रहे हैं अथवा पूर्ण हो गए हैं, उनकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को अवश्य होनी चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्य को गतिमान करें।
विगत बैठक के निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक में रखी गई समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी बैठक से पूर्व उन सभी समस्याओं का जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित अधिकारी समन्वय बनाकर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। विगत बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई से संबंधित अधिकारियों से जानकारी भी ली गई।
कानून व्यवस्था की भी ली जानकारी
प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से जनपद में कानून व्यवस्था की भी जानकारी प्राप्त की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था सही है। यदि कहीं पर शिकायत प्राप्त होती है तो उसका निस्तारण संबंधित थाने के द्वारा तुरंत कार्रवाई कर दी जाती है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, विधायक सदर विजयपाल आढ़ती, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, परियोजना निदेशक, सांसद प्रतिनिधि लोकसभा क्षेत्र मेरठ, गाजियाबाद व अमरोहा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हापुड़, ब्लॉक प्रमुख हापुड़, धौलाना, सिंभावली सहित जनपद स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें :https://gbntoday.com/hapur-news-two-female-students-fell-from-their-scoot/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DgPgnR_hFAR/?fqnt=MWttZGtieXRxejRkdw==



