Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा देहात में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जहां परतापुर रोड स्थित तिरुपति बंगाली स्वीट्स पर टीम ने छापा मारा, जहां अस्वच्छ हालात में मिठाइयां बनाई जा रही थीं। मौके पर मिली करीब 650 किलो छेना मिठाई और गुलाब जामुन को टीम ने नष्ट करा दिया, जिसकी बाजार कीमत करीब 97 हजार रुपये बताई जा रही है।
सहायक आयुक्त के नेतृत्व में हुई जांच
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम ने दुकान पर पहुंचकर मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ सफाई की जांच की। जांच में सामने आया कि मिठाइयां बेहद गंदगी के बीच तैयार की जा रही थीं। इसके बाद टीम ने छेना मिठाई के दो नमूने और गुलाब जामुन व चीनी का एक एक नमूना लेकर क्षेत्रीय खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई, संचालक को नोटिस
अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग ने मिठाई बनाने की इकाई को बंद करा दिया है और संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है। अस्वच्छ मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि वे बाजार में बिक्री के लिए न जा सकें। सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-hpda-bulldozes-illegal-plotting-spanning/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfAkOTZhOPC/?exln=OG92cnphZGowODN1



