Hapur News : हापुड़ में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी समेत लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ

Hapur News : हापुड़ में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी समेत लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित जोगीपुरा गांव में चोरों ने एक बंद मकान में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घर में कोई मौजूद न होने का फायदा उठाकर चोर नकदी और जेवरात समेत कीमती सामान ले गए। घटना की जानकारी सोमवार को मकान मालकिन के दिल्ली से लौटने पर हुई जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

बेटी को दिखाने दिल्ली गई थीं कविता, पीछे से टूटे ताले

जानकारी के अनुसार जोगीपुरा गांव की रहने वाली कविता त्यागी अपनी बेटी को डॉक्टर को दिखाने के लिए दिल्ली गई हुई थीं। उनकी बहू मायके गई थी और बेटा कपिल त्यागी बेंगलुरु में नौकरी करता है। इस दौरान घर पूरी तरह बंद था।

घर लौटने पर टूटे मिले ताले, शोर सुनकर जुटे ग्रामीण

सोमवार को जब कविता घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।

दो लाख से अधिक नकदी और जेवरात ले गए चोर, रात में दी पुलिस को सूचना

पीड़िता कविता त्यागी ने बताया कि चोर अलमारी में रखे लगभग दो लाख दस हजार रुपये नकद, लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए हैं। घटना की सूचना सोमवार रात करीब नौ बजे पुलिस को दी गई।

सीओ और फॉरेंसिक टीम ने की जांच, सीसीटीवी फुटेज के सहारे तलाश जारी

सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी सुरेश कुमार फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-outrage-among-villagers-following-a-murder/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdgERtMhUo2/?stkn=MTRhM3kzeWk5NXRncw==