Hapur News : हापुड़ में हत्या के बाद ग्रामीणों में उबाल, आरोपी परिवार को गांव से निकालने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर हंगामा

Hapur News : हापुड़ में हत्या के बाद ग्रामीणों में उबाल, आरोपी परिवार को गांव से निकालने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर हंगामा

Hapur News : हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव महमूदपुर आजमपुर में हुए गौरव त्यागी हत्याकांड के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा कलेक्ट्रेट में देखने को मिला। मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में गांव वाले कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी पक्ष के परिजनों को गांव में रहने से रोका जाए।

पीड़ित परिवार ने जताया पलायन का डर, बुलडोजर कार्रवाई की उठी मांग

धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि अगर आरोपी परिवार गांव में रहा तो पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस करेगा और उसे गांव छोड़ने पर मजबूर होना पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। देर शाम तक कलेक्ट्रेट परिसर में धरना जारी रहा।

सात आरोपी जा चुके हैं जेल, गांव में अब भी तनाव का माहौल

बता दें कि 18 अगस्त को गौरव त्यागी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नामजद सातों आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। सोमवार को भाकियू जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी के साथ मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल है।

प्रशासन को सौंपा मांग पत्र, कार्रवाई न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपा है जिसमें पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और किसी भी प्रकार से दबाव या परेशान किए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-crackdown-on-pollution-in-hapur-petrol-and/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdjiowihTQk/?stkn=MzNiNnVpeG9wYTdn