Hapur News : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। हापुड़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एआई से वीडियो बनाने के मामले में अखिलेश यादव 2017 की स्थिति में पहुंच गए हैं। प्रदेश में पूरब से लेकर पश्चिम तक कमल खिल रहा है और 2027 में भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, उनका कुछ होने वाला नहीं है, चुनाव के बाद वह फिर सैफई में ही नजर आएंगे।
हाईवे पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, डिप्टी सीएम ने कहा सपा का कोई भविष्य नहीं
शनिवार को बुलंदशहर से पिलखुआ जाते समय हाईवे पर सोना पेट्रोल पंप के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है। 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा 2017 और 2022 की तरह प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी। अखिलेश यादव का टारगेट गृहमंत्री और मुख्यमंत्री रहते हैं, लेकिन हमारा उन पर कोई ध्यान नहीं है। प्रदेश में भाजपा का किसी से कोई मुकाबला नहीं है।
स्वागत के दौरान कई दिग्गज रहे मौजूद
इस दौरान राष्ट्रीय मंत्री व सांसद डॉ भोला सिंह, विधायक विजयपाल आढ़ती, विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिलाध्यक्ष कविता माधरे, नगर पालिकाध्यक्ष विभु बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण मित्तल, मान सिंह गोस्वामी, निशांत सिसौदिया, नरेश तोमर, उमेश राणा, महेश अग्रवाल, कृष्णवीर चौधरी, मोहन सिंह, यशपाल सिसौदिया, अजीत तोमर, श्यामेंद्र त्यागी और अमित टांक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिवंगत भाजपा नेत्री लज्जारानी गर्ग के परिजनों से मिले डिप्टी सीएम
इसके बाद डिप्टी सीएम पिलखुआ में गांधी रोड स्थित मोहल्ला कृष्णगंज पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा की पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष और महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय लज्जारानी गर्ग के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार को हर सुख दुख में साथ रहने का भरोसा दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लज्जारानी गर्ग ने लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी संभाली। उनके नाम पर शहर में कुछ अच्छा कार्य कराया जाएगा, हालांकि अभी इसकी घोषणा नहीं की जा रही है।
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Ddd5wD0BJkV/?stkn=MWJyMjJjZzMzaGIzag==



