Hapur News : हापुड़ के मेरठ रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार वाल्मीकि को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने आयोग के नए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा की है। नियुक्ति की खबर मिलते ही हापुड़ में समर्थकों और सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है। मनोज वाल्मीकि पिछले 36 वर्षों से सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े हुए हैं।
राज्य आयोग में पहले भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी
मनोज वाल्मीकि इससे पहले वर्ष 2019 से 2022 तक उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य के रूप में काम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, उनके अधिकारों और कल्याण से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया था। अनुसूचित जाति और वंचित वर्गों से जुड़े विषयों पर भी वे लगातार सक्रिय रहे हैं। उन्हें एक सामाजिक कार्यकर्ता के साथ-साथ कुशल प्रशासक और उद्यमी के रूप में भी जाना जाता है।
संघ से रहा है लंबा जुड़ाव
मनोज वाल्मीकि का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी लंबे समय से जुड़ाव रहा है। उन्होंने वर्ष 2006 में संघ का तृतीय वर्ष प्रशिक्षण पूरा किया था। सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
आयोग में उठाएंगे सफाई कर्मचारियों की आवाज
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, कार्य स्थितियों और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर काम करता है। नई जिम्मेदारी के बाद मनोज वाल्मीकि से अपेक्षा की जा रही है कि वे आयोग में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
नई टीम में इन चेहरों को मिली जगह
मनोज वाल्मीकि की नियुक्ति को उत्तर प्रदेश के सफाई कर्मचारी समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार भगवत प्रसाद मकवाना को आयोग का अध्यक्ष और कैशब बिहारी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा प्रोफेसर सुषमा गौड़ियाल और रवि रामू कालोसे को भी सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-man-working-in-saudi-arabia-defrauded-of/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc-LNJNBj6F/?stkn=MXdzaDN2aWphdjVscQ==




