Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे 9 पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल के पैसे मांगना सेल्समैन को महंगा पड़ गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार एक युवक ने पहले सेल्समैन से गाली गलौज की और फिर उसका हाथ गाड़ी के शीशे में फंसाकर करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता ले गया। बाद में उसे सड़क पर धक्का देकर फरार हो गया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
रात दस बजे हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार यह घटना 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। अग्रवाल फ्यूलिंग स्टेशन के मैनेजर नीरज चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गाजियाबाद के आकाश नगर के रहने वाले हैं। रात में काले रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर आई थी। चालक ने सेल्समैन पंकज से दो हजार रुपये का डीजल डालने के लिए कहा। डीजल डालने के बाद जब पंकज ने पैसे मांगे तो चालक भड़क गया और गाली देने लगा। उसने कहा कि उसकी हिम्मत कैसे हुई पैसे मांगने की।
खिड़की में हाथ फंसाकर घसीटा
इसके बाद आरोपी ने पंकज का हाथ गाड़ी की खिड़की में फंसा लिया और तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो को हापुड़ की तरफ भगा दिया। पंकज मदद के लिए चिल्लाता रहा लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब पांच किलोमीटर तक घसीटने के बाद आरोपी ने निजामपुर तिराहे पर उसे सड़क पर गिरा दिया और मौके से भाग गया। बाद में पंप के अन्य कर्मचारी उसे वापस पंप पर लेकर आए।
नंबर के आधार पर हुई पहचान, आरोपी गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और गाड़ी के नंबर से आरोपी की पहचान कर ली। पिलखुवा पुलिस ने आरोपी फरियाद निवासी ललियाना मेरठ को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-shots-fired-in-hapur-over-a-two-year-old/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc3TeN5B8u0/?igsi=MWp0bWI5cHhwb25hNQ==




