Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना सिंभावली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे रेल हादसा हो गया। दिल्ली से कोटद्वार जा रही सिद्धबली एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पिलर संख्या 83/20/22 के सामने दिल्ली-मुरादाबाद डाउन लाइन पर हुई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि सिंभावली रेलवे स्टेशन पर एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई है। सूचना पर सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि दिल्ली से कोटद्वार जा रही सिद्धबली ट्रेन की चपेट में आने से महिला की जान गई है। घटनास्थल जीआरपी क्षेत्र में आता है, जिसके बाद जीआरपी टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, लेकिन कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला जिससे मृतका की पहचान हो सके। पुलिस महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में फोटो साझा कर रही है ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा कैसे हुआ, यह दुर्घटना है या कोई अन्य कारण, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




