Hapur News : हापुड़ के दिल्ली रोड पर देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार सीधे एचडीएफसी बैंक के शटर से जा टकराई। टक्कर के बाद बैंक का शटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा देर रात का बताया जा रहा है। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी नगर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक कार काफी तेज गति में थी, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन बैंक की तरफ जाकर शटर से टकरा गया। संयोग से इस दौरान सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा टल गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि शटर से कार टकराने की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। कार और उसके चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। मामले में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




