अमरोहा: जनपद के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जोया में प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक और सनसनीखेज अंत सामने आया है। यहां एक सिरफिरे प्रेमी ने कथित तौर पर 48 वर्षीय महिला की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की फिराक में था, जिसे सतर्क पुलिस ने तुरंत दबोच लिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका शमा (उम्र करीब 48 वर्ष) अपने पति से अलग रहकर अपनी बेटी और दामाद के साथ किराए के मकान में जीवन व्यतीत कर रही थी। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के मुताबिक, महिला और आरोपी के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोक और विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे धर दबोचा।
पुलिस अधिकारियों का बयान
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में इस वारदात को अंजाम दिया गया, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।



