ग्रेटर नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना जारचा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को सलारपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से दबोचा। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से पड़ोसी जनपद हापुड़ का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
बीट पुलिसिंग और लोकल इंटेलिजेंस से मिली कामयाबी
थाना जारचा पुलिस शनिवार (23 मई 2026) को क्षेत्र में शांति व्यवस्था और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बीट पुलिसिंग और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति अवैध हथियार के साथ क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और सलारपुर की ओर जाने वाले रास्ते से अभियुक्त को दबोच लिया।
.315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने जब पकड़े गए अभियुक्त की अमली अमली जामा पहनाते हुए तलाशी ली, तो उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान हारुन (उम्र 44 वर्ष) पुत्र नशीबु, निवासी ग्राम पिपलेडा (थाना धौलाना, जनपद हापुड़) के रूप में हुई है। जारचा पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम (Arms Act) के तहत मामला पंजीकृत किया है।
आर्म्स एक्ट, आबकारी और एनडीपीएस सहित दर्ज हैं 5 मुकदमे
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त हारुन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह हापुड़ के धौलाना थाने का हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों का विवरण इस प्रकार है:
मु0अ0सं0 88/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम — थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर (ताजा मामला)
मु0अ0सं0 385/2019 धारा 323/324/504 भादवि (मारपीट व धमकी) — थाना धौलाना, हापुड़
मु0अ0सं0 402/2019 धारा 4/25 आयुध अधिनियम (अवैध हथियार) — थाना धौलाना, हापुड़
मु0अ0सं0 403/2019 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम (शराब तस्करी) — थाना धौलाना, हापुड़
मु0अ0सं0 398/2022 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थों की तस्करी) — थाना धौलाना, हापुड़
जारचा पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह जारचा क्षेत्र में किस वारदात को अंजाम देने या किसे हथियार सप्लाई करने के इरादे से आया था।




