बदायूं/संभल : गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। बदायूं जिले के थाना इस्लामनगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में करीब 27 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
देर रात मची चीख-पुकार
हादसा संभल सीमा से सटे इस्लामनगर टोल प्लाजा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सन्नाटे को चीरते हुए टकराने की जोरदार आवाज आई और चारों ओर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। लुधियाना से उन्नाव जा रही यह बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर राहत कार्य में जुट गए और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
संभल के बहजोई CHC में भर्ती, कई रेफर
हादसे के बाद एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी 27 घायलों को संभल जिले के बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह!
शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
अधिकारियों का बयान
संभल के सीएमओ तरुण पाठक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया:
“डबल डेकर बस लुधियाना से उन्नाव के लिए जा रही थी। बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोड़ पर ड्राइवर को हल्की नींद की झपकी आ गई, जिससे बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में लगभग 26 से 27 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि शेष का इलाज जारी है।”
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया है। पुलिस अब फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

