लखनऊ/जेवर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से 15 जून को शुरू होने वाली पहली कमर्शियल उड़ान को लेकर जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने एक बेहद सराहनीय पहल की है। विधायक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि एयरपोर्ट की इस ऐतिहासिक पहली उड़ान में उन किसानों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाए, जिन्होंने राष्ट्रहित में अपनी भूमि समर्पित की है।
“किसानों का त्याग ही विकास की नींव”
विधायक धीरेंद्र सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल ईंट-पत्थर की परियोजना नहीं, बल्कि “आत्मनिर्भर भारत” का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस महापरियोजना को धरातल पर उतारने का श्रेय उन किसानों को जाता है, जिन्होंने अपनी पीढ़ियों से संजोई हुई पैतृक भूमि विकास की राह में खुशी-खुशी दे दी।
विधायक ने मुख्यमंत्री को दिए ये सुझाव:
पहली उड़ान में यात्रा: विधायक ने सुझाव दिया है कि जब 15 जून को एयरपोर्ट से पहली उड़ान संचालित हो, तो उसमें उन किसानों को आमंत्रित किया जाए जिन्होंने इस परियोजना के लिए अपनी जमीन दी है।
मुख्यमंत्री से संवाद: उन्होंने अनुरोध किया कि जब यह विमान लखनऊ पहुंचे, तो माननीय मुख्यमंत्री स्वयं इन किसानों से मिलें और उनसे संवाद करें।
सकारात्मक संदेश: धीरेंद्र सिंह का मानना है कि इस पहल से प्रदेश में विकास के प्रति जनता का विश्वास बढ़ेगा और यह “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को चरितार्थ करेगा।
किसानों में खुशी की लहर
विधायक के इस प्रस्ताव की जानकारी मिलते ही जेवर क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है। किसानों का कहना है कि यदि उन्हें पहली उड़ान में बैठने का मौका मिलता है, तो यह उनके त्याग और समर्पण का सबसे बड़ा सम्मान होगा।
गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एविएशन सिक्योरिटी की मंजूरी मिली है और 15 जून से इंडिगो द्वारा पहली कमर्शियल सेवा शुरू करने का आधिकारिक ऐलान किया जा चुका है। अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री कार्यालय के फैसले पर टिकी हैं।

