Hapur News : मेला देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने फ्लाईओवर पर लगाया जाम

Hapur News : मेला देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने फ्लाईओवर पर लगाया जाम

Hapur News : हापुड़ के मोहल्ला भीम नगर भंडापट्टी निवासी सुनील उर्फ गोलू (22) बुधवार रात रामलीला मैदान में मेला देखकर लौट रहा था। गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह लहूलुहान हालत में शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। परिजनों को रात करीब 12 बजे सूचना मिली। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शव पहुंचते ही परिजनों ने किया हंगामा

पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार रात शव हापुड़ पहुंचा तो परिजनों ने जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए गढ़ रोड फ्लाईओवर पर जाम लगा दिया। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 40 मिनट तक जाम रखा। उन्होंने शराब का ठेका बंद कराने की भी मांग की। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम, जांच शुरू

जाम की सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद जाम खोला गया। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। यदि जानबूझकर घटना करना पाया गया तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-commotion-at-a-cng-pump-on-the-garh-highwa/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dey0L3shchB/?mdxt=MTBjbjF5aTFyMGl3bA==