ग्रेटर नोएडा: सेक्टर बीटा-1 के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही सुरक्षा की मांग अब जल्द पूरी होने वाली है। सेक्टर की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) कराए जाने के संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कड़े रुख के बाद, आज प्राधिकरण की तकनीकी टीम ने मौके का मुआयना किया और आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाने के आदेश दिए।
एसीओ को ज्ञापन के बाद हरकत में आया प्रशासन
विदित हो कि बीते कल (17 अप्रैल) को सेक्टर की आरडब्ल्यूए (RWA) और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीओ सुमित यादव से मुलाकात कर सेक्टर की सुरक्षा के मद्देनजर चारदीवारी कराए जाने के लिए ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए महज 24 घंटे के भीतर प्राधिकरण की टीम धरातल पर उतरी।
डिवीजन 5 की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
आज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण डिवीजन 5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा और टेक्निकल ऑफिसर विकास भाटी ने सेक्टर बीटा-1 का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सेक्टर की सीमाओं और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील उन पॉइंट्स को चिन्हित किया जहाँ चारदीवारी का निर्माण अनिवार्य है।
अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के उपरांत वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम ने अपने अधीनस्थों और विभागीय टीम को सेक्टर की सुरक्षा हेतु चारदीवारी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए तत्काल कार्यवाही करने का आदेश दिया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि निवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें देरी नहीं की जाएगी।
आरडब्ल्यूए ने जताई खुशी, शीघ्र कार्य की मांग की
निरीक्षण के दौरान सेक्टर के संरक्षक शीतला प्रसाद, अध्यक्ष श्रीमती संगीता शर्मा, महासचिव हरेंद्र भाटी, कोषाध्यक्ष विपिन भाटी (एडवोकेट), उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, सचिव ओमप्रकाश शर्मा, सलाहकार चौधरी जयपाल तथा सलाहकार धर्मेंद्र सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सेक्टर के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि चारदीवारी का कार्य बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द शुरू कराया जाए ताकि सेक्टर में बाहरी तत्वों के प्रवेश पर रोक लग सके और निवासी सुरक्षित महसूस कर सकें।

