गाजियाबाद/मोदीनगर: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट उर्फ कालू पर हुए सनसनीखेज जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना मोदीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश जलवीर उर्फ जल्लू को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया है। वहीं, उसका साथी जतिन शर्मा भी पुलिस की गिरफ्त में है।
5 गोलियां लगने के बाद 35 KM कार चलाकर पहुंचा था अस्पताल
यह मामला बीते 2 अप्रैल की रात का है, जब मोदीनगर इलाके में हिस्ट्रीशीटर राहुल जाट अपनी कार में बैठा था। तभी पैदल आए एक हमलावर ने ड्राइविंग साइड से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। राहुल को 5 गोलियां लगीं, लेकिन उसने अदम्य साहस दिखाते हुए लहूलुहान हालत में ही कार दौड़ाई और करीब 35 किलोमीटर दूर एक निजी अस्पताल पहुंचकर अपनी जान बचाई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
आज, 7 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि वांछित बदमाश एक बिना नंबर की ग्रे रंग की ऑल्टो कार से भोजपुर रोड की ओर जा रहे हैं। गदाना गांव के पास जब पुलिस ने इन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मुख्य आरोपी जलवीर उर्फ जल्लू के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसके साथी जतिन शर्मा को भी दबोच लिया।
अपराधिक इतिहास और बरामदगी
गिरफ्तार जलवीर उर्फ जल्लू एक शातिर अपराधी है, जिस पर गाजियाबाद और दिल्ली में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
01 अवैध देशी पिस्टल (.32 बोर)
03 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस
01 ग्रे रंग की ऑल्टो कार (बिना नंबर प्लेट)
03 मोबाइल फोन
“राहुल जाट पर फायरिंग की घटना आपसी रंजिश का परिणाम थी। मुठभेड़ के दौरान घायल मुख्य आरोपी जलवीर पर 25 हजार का इनाम घोषित था। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।” – भास्कर वर्मा, एसीपी मोदीनगर
—— समाप्त ——

