‘मेरी खामोशी को हार मत समझना…’: राज्यसभा में पद छिनने के बाद राघव चड्ढा का छलका दर्द, AAP पर उठाए गंभीर सवाल

‘मेरी खामोशी को हार मत समझना…’: राज्यसभा में पद छिनने के बाद राघव चड्ढा का छलका दर्द, AAP पर उठाए गंभीर सवाल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मचे घमासान और बड़े फेरबदल के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है। पार्टी द्वारा उन्हें राज्यसभा में ‘डिप्टी लीडर’ के पद से हटाकर अशोक कुमार मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद राघव चड्ढा ने एक बेहद भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में राघव ने न केवल अपना दर्द बयां किया, बल्कि अपनी ही पार्टी की मंशा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

“मुझे खामोश करवाया गया है, मैं हारा नहीं हूं”

​राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा— “मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना। मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं।” पिछले काफी समय से राघव की चुप्पी और पार्टी के अहम कार्यक्रमों से उनकी दूरी को लेकर चल रही अटकलों को इस बयान ने और हवा दे दी है।

संसद में बोलने पर रोक? राघव ने पूछे तीखे सवाल

​वीडियो में राघव चड्ढा ने दावा किया कि पार्टी ने संसद (पार्लियामेंट) से यह कहा है कि राघव चड्ढा को सदन में बोलने का मौका न दिया जाए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा:

​”क्या जनता के मुद्दे उठाना अपराध है? आम आदमी पार्टी ने संसद को कहा है कि राघव चड्ढा को बोलने का मौका न दिया जाए। भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा? मैं तो जब भी बात करता हूं, आम आदमी की बात करता हूं।”

मिडल क्लास और आम आदमी के मुद्दों का जिक्र

​राघव ने सदन में उठाए गए अपने पिछले मुद्दों को गिनाते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा मिडिल क्लास के हितों की बात की है। उन्होंने कहा:

  • महंगाई और टैक्स: टोल प्लाजा की लूट, बैंकों के चार्ज और मिडिल क्लास पर बढ़ते टैक्स के बोझ का मुद्दा।
  • कॉर्पोरेट और टेक: टेलीकॉम कंपनियों द्वारा 28 दिन का रिचार्ज (12 महीने में 13 बार रिचार्ज) कराने और डेटा रोल ओवर न देने पर सवाल।
  • वर्कर्स की समस्याएं: ज़ोमैटो और ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स की परेशानियां।
  • अन्य मुद्दे: एयरपोर्ट पर महंगा खाना और कंटेंट क्रिएटर्स पर होने वाली स्ट्राइक।

​राघव ने पूछा कि इन मुद्दों को उठाने से देश के आम आदमी का तो फायदा हुआ, लेकिन “आम आदमी पार्टी” का क्या नुकसान हुआ जो मेरी आवाज बंद करने की कोशिश की जा रही है?

जनता से अपील: “मेरा साथ मत छोड़िएगा”

​भावुक राघव चड्ढा ने अपने समर्थकों और देश की जनता से अपील करते हुए कहा, “आप लोग मुझे असीमित प्यार देते हैं। जब मैं आपके मुद्दे उठाता हूं, आप मेरा हौसला बढ़ाते हैं। बस ऐसे ही मेरा हाथ और साथ थामे रखिएगा, छोड़िएगा मत। मैं आपसे हूं और आपके लिए हूं।”

विरोधियों को चेतावनी: “वक्त आने पर सैलाब बनूंगा”

​वीडियो के अंत में उन्होंने उन लोगों को कड़ी चेतावनी दी जिन्होंने उनके बोलने का अधिकार छीना है। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है। जय हिंद।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *