मुजफ्फरनगर: डॉक्टर की हैवानियत! 14 महीने तक नशीला इंजेक्शन देकर किया रेप, पीड़िता ने वीडियो वायरल कर दी आत्मदाह की धमकी

मुजफ्फरनगर: डॉक्टर की हैवानियत! 14 महीने तक नशीला इंजेक्शन देकर किया रेप, पीड़िता ने वीडियो वायरल कर दी आत्मदाह की धमकी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक डॉक्टर पर गरीब परिवार की बेटी को सहारा देने के बहाने घर बुलाकर नशीला इंजेक्शन देने, बलात्कार करने और अश्लील वीडियो बनाकर 14 महीने तक ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस की शिथिलता से परेशान होकर पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आत्मदाह की चेतावनी दी है, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

पड़ोसी डॉक्टर ने ‘अपनापन’ दिखाकर बुना जाल

नगर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड निवासी 21 वर्षीय पीड़िता के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर सुलेमान और उसकी पत्नी आबिदा ने करीब दो साल पहले उसे अपने घर घरेलू काम के लिए बुलाया था। पीड़िता का आरोप है कि एक दिन तबीयत खराब होने पर डॉक्टर ने उसे नशे का इंजेक्शन दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस दौरान पीड़िता की अश्लील वीडियो भी बना ली।

14 महीने तक चलता रहा ब्लैकमेलिंग और बलात्कार का सिलसिला

पीड़िता ने बताया कि जब उसे होश आया और उसने विरोध किया, तो डॉक्टर और उसकी पत्नी ने वीडियो वायरल करने और पिता को जान से मारने की धमकी दी। इसी डर के कारण पीड़िता पिछले 14 महीनों तक डॉक्टर की हैवानियत और मारपीट सहती रही। जब पीड़िता के पिता विदेश (कुवैत) से वापस लौटे, तब उसने हिम्मत जुटाकर उन्हें आपबीती सुनाई।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल

पीड़िता का आरोप है कि 6 मार्च को शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो सही, लेकिन कुछ ही घंटों बाद छोड़ दिया। अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़िता ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाई। पीड़िता ने स्पष्ट कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह खुद को आग लगा लेगी और इसकी जिम्मेदार पुलिस प्रशासन होगी।

जांच में जुटा प्रशासन

वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने तुरंत एक्शन लेते हुए एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। पुलिस टीम ने मोहल्ले के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी डॉक्टर और उसकी पत्नी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *