Hapur News : हापुड़ में घर में खेल रही दो साल की मासूम के साथ शनिवार को ऐसा हादसा हुआ कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पानी से भरी बाल्टी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। काफी देर तक उसकी आवाज नहीं सुनाई देने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो वह बाल्टी में पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया।

पानी से खेलते समय बाल्टी में गिरी बच्ची
हादसा पिलखुवा के मोहल्ला आर्यनगर में हुआ। यहां रहने वाले संदीप की दो साल की बेटी भूरी शनिवार शाम घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसकी नजर पानी से भरी बाल्टी पर पड़ी। वह बाल्टी के पास पहुंचकर पानी से खेलने लगी। आशंका है कि इसी दौरान वह बाल्टी में गिर गई और पानी में डूबने से उसका दम घुट गया।
देर से पहुंचे परिजनों के उड़े होश
बच्ची की आवाज काफी देर तक सुनाई नहीं दी तो परिजन उसे देखने कमरे में पहुंचे। वहां पानी से भरी बाल्टी में मासूम को पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत बच्ची को बाल्टी से बाहर निकाला और नजदीकी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
खामोश हुई किलकारियां, परिवार में मातम
दो साल की भूरी की मौत से माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में कुछ देर पहले तक गूंज रही बच्ची की किलकारियां अचानक खामोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। एक हादसे ने परिवार से उसकी मासूम खुशियां छीन लीं।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-district-magistrate-visits-garhmukteshwar/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Df_yT_Gh-W5/?fqnt=MXd3N2VndzFkMjBseg==



