Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने बुधवार को परशुराम कॉलोनी स्थित मैसर्स पवित्रा ट्रेडर्स पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान सॉस और मिक्स मसाले के चार नमूने लिए गए और कुल 614 किलोग्राम माल जब्त किया गया। जब्त माल की कीमत 44 हजार 800 रुपये आंकी गई है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

दो ब्रांड के सॉस के नमूने लिए गए
कार्रवाई के दौरान टीम ने माय फ्रेश और केशव गोल्ड ब्रांड के कॉन्टिनेंटल सॉस के दो नमूने लिए। मौके से 344 किलोग्राम सॉस जब्त किया गया जिसकी कीमत 28 हजार 600 रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने सॉस की गुणवत्ता पर संदेह के चलते यह कदम उठाया।

270 किलो मिक्स मसाला भी पकड़ा
सॉस के साथ ही मिक्स मसाले के भी दो नमूने लिए गए। टीम ने 270 किलोग्राम मिक्स मसाला जब्त किया जिसकी कीमत 16 हजार 200 रुपये है। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई।
सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि चारों नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeeTwFhhZ45/?xtok=aTUxMjFuYnFzcWlr



