Hapur News : मिशन शक्ति के तहत हापुड़ में महिला सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

Hapur News : मिशन शक्ति के तहत हापुड़ में महिला सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

Hapur News : शासन के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 के तहत हापुड़ में विशेष महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद के सभागार में हुए इस कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

एसपी ने कहा, महिला सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार ने महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का छठा चरण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक करना है ताकि वे कठिन परिस्थितियों में मजबूती से मुकाबला कर सकें। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है और किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिक्षा और पुलिस क्षेत्र की महिलाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की प्रधानाध्यापिका डॉ. सुमन अग्रवाल को उनकी उत्कृष्ट शैक्षिक सेवाओं और महिला जागरूकता में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं और महिला सहायता में योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

सम्मान समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर दीपक चतुर्वेदी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा, महिला थाना प्रभारी अरुणा राय और इंस्पेक्टर मनु चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और आपातकालीन सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।