Hapur News : राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और सीवर व सेप्टिक टैंक सफाई के दौरान हो रही मौतों को रोकने को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
जहरीली गैसों की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो जाती
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं, नगर निगमों, जिला पंचायत राज विभाग और औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में सीवर सफाई के दौरान कर्मचारियों की आकस्मिक मौत हो रही है। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण सफाई कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण के सीवर में उतार दिया जाता है, जिससे जहरीली गैसों की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो जाती है। बताया गया कि 5 जून 2026 और 28 सितंबर 2026 को भी जहरीली गैस के रिसाव से तीन कर्मचारियों की जान चली गई।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार मुआवजे की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सीवर और सेप्टिक टैंक की मैनुअल सफाई पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सीवर सफाई के दौरान मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा तुरंत दिया जाए, स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता मिले और मृतक के आश्रितों को आवास और पुनर्वास की सुविधा दी जाए। साथ ही बिना सुरक्षा उपकरण के कर्मचारियों को सीवर में उतारने वाले दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
कोरोना काल के बकाया वेतन और नियमितीकरण का उठा मुद्दा
ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों के अन्य लंबित मुद्दे भी उठाए गए। मांग की गई कि कोविड काल में काम करने वाले कर्मचारियों का 9 महीने का बकाया वेतन जल्द जारी किया जाए, ठेका प्रथा में हो रहे शोषण को समाप्त कर नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाए, कम वेतन, वेतन में देरी, सुरक्षा उपकरणों के अभाव और पेंशन जैसी समस्याओं को दूर किया जाए। महिला सफाई कर्मचारियों के लिए कार्यस्थलों पर अलग शौचालय, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था और कर्मचारियों के निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की मांग भी की गई। इस दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, भाजपा प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि, भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, आकाश पुष्कर, उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विशाल सिंह वाल्मीकि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-forest-department-observes-wildlife-protec/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeEs4TKN87e/?stkn=MWIxenlxMGVsejIybg==



