Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर में वन विभाग ने मनाया वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर में वन विभाग ने मनाया वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Hapur News : हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र में वन विभाग और जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वर्गद्वारी पुष्पावती कूट धाम स्थित गुरुकुल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभागीय वन अधिकारी गौतम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं टाइगर गार्जियन भारत भूषण गर्ग मुख्य वक्ता और गढ़मुक्तेश्वर वन क्षेत्र अधिकारी करण सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

पीढ़ी के लिए सुरक्षित कल चाहते हैं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता भारत भूषण गर्ग ने कहा कि अगर हम आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित कल चाहते हैं तो आज से ही वन्यजीवों के संरक्षण का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि बढ़ते क्लाइमेट चेंज के दौर में ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करना और वन्य जीवों को बचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज सांसों पर संकट गहरा रहा है, जिसको लेकर एनजीटी, सुप्रीम कोर्ट और सरकार भी गंभीर है। अगर समय रहते हम नहीं जागे तो वह दिन दूर नहीं जब ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे घर से बाहर निकलना पड़ेगा। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को पॉलीथिन का उपयोग बंद कर कपड़े के थैले का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई।

अधिकारियों ने दिया सह-अस्तित्व का संदेश

प्रभागीय वन अधिकारी गौतम सिंह ने कहा कि मौजूदा समय बहुत संवेदनशील है। कोरोना काल ने हमें सिखाया है कि जब मानव जीवन पर संकट आया तो सभी ने पर्यावरण की शरण ली। इसलिए छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर हमें अपने भविष्य को सुरक्षित करना होगा। वन क्षेत्र अधिकारी करण सिंह ने कहा कि अब प्रकृति के साथ सहचर बनकर रहने का समय है और सह-अस्तित्व की भावना से ही हम पर्यावरण को बचा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन वन दरोगा विपिन कुमार भाटी ने किया।

गुरुकुल परिसर में जुटे कई गणमान्य लोग

इस मौके पर जिला गंगा समिति के प्रदीप कुमार, महेश केवट, अमरोहा से आए जयवीर सिंह, गुरुकुल परिवार के महेश कुमार, दिनेश कुमार, रणजीत सिंह, कलवा सिंह प्रधान, नवादा के ग्राम प्रधान गंगाराम सिंह, अरविंद कुमार, कमल केवट, बादल, रवि कुमार और वन दरोगा शबाबुल हसन समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-sp-creates-a-ruckus-in-hapur-demanding-the/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeEYHPhBDhq/?stkn=a25oenQ0MWk5b245

1 Comment

Comments are closed