Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच 9 पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। उपैड़ा फ्लाईओवर के पास परचून के सामान से भरा तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और हाईवे की रेलिंग से टकरा गया। इस हादसे में चालक घायल हो गया और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पिलखुवा से मुरादाबाद जा रहा था चालक
पुलिस के अनुसार नगर कोतवाली के मोहल्ला निवाजीपुरा निवासी चालक दानिश सोमवार देर रात कैंटर में परचून का सामान भरकर पिलखुवा से मुरादाबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही वह उपैड़ा फ्लाईओवर के पास पहुंचा तभी कैंटर बेकाबू हो गया और पलटकर रेलिंग से जा टकराया। टक्कर काफी तेज थी जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, क्रेन से हटाया वाहन
हादसे की सूचना पर बाबूगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद हाईवे पर सामान बिखरने से एक तरफ का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने दूसरा कैंटर मंगवाकर सामान को उसमें शिफ्ट कराया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कैंटर को हाईवे से हटवाकर रास्ता खुलवाया। पुलिस ने वाहन मालिक धौलाना के गांव सिवाया निवासी महेंद्र कुमार को घटना की सूचना दी है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस की तत्परता से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया और यातायात को जल्द सुचारू करा दिया गया।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-the-rashtriya-jat-mahasabha-submitted-a-me/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdmO6oABg9u/?stkn=djJ2YjNkNnZtaWxz



