Hapur News : हापुड़ में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, धौलाना का कानूनगो पचास हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, धौलाना का कानूनगो पचास हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Hapur News : जनपद हापुड़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। धौलाना में तैनात कानूनगो बिजेंद्र सिंह को पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने ग्राम शौलाना निवासी प्रसिद्ध कैंसर चिकित्सक डॉ. केपी सिंह से जमीन के एक मामले में डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी।

दस्तावेज होने के बाद भी बनाया जा रहा था दबाव

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित डॉ. केपी सिंह धौलाना तहसील के गेट नंबर एक के सामने अपना निजी कैंसर क्लीनिक चलाते हैं। उनके अनुसार ग्राम शौलाना में उनकी जमीन की वैध रजिस्ट्री, फर्द, दाखिल खारिज और मौके पर कब्जा भी है। इसके बावजूद कानूनगो उनकी जमीन में किसी दूसरे व्यक्ति का हिस्सा बताकर दबाव बना रहा था। डॉक्टर ने कई बार रजिस्ट्री और दाखिल खारिज के कागजात दिखाने की कोशिश की लेकिन आरोप है कि कानूनगो ने कागजात देखने से इनकार कर दिया और रिश्वत की मांग पर अड़ा रहा।

क्लीनिक पर पहुंचते ही टीम ने दबोचा

लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर डॉ. सिंह ने मेरठ एंटी करप्शन ब्यूरो में लिखित शिकायत की। सत्यापन के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। योजना के तहत जैसे ही कानूनगो पचास हजार रुपये की पहली किश्त के रूप में एडवांस लेने डॉक्टर के क्लीनिक पर पहुंचा, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रुपयों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। टीम आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। सूचना मिलते ही धौलाना तहसील के कई लेखपाल और अन्य स्टाफ थाने पहुंचे और सीओ मुनीश चंद्रा से मिलकर मामले की जानकारी ली।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-major-accident-on-nh-9-canter-truck-overtu/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdoH28ghoXM/?stkn=cmk0MDgzbDdteHZ0

1 Comment

Comments are closed