Hapur News : हापुड़ में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरे परिवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत

Hapur News : हापुड़ में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरे परिवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत

Hapur News : हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बछलौता फ्लाईओवर के पास नए हाईवे पर भूसे से लदी गाड़ी से बचने की कोशिश में एक बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे परिवार को टक्कर मार दी।

मां और चार माह के मासूम की मौके पर मौत

हादसे में महिला और उसके चार माह के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति और पांच साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान शबाना उम्र 35 वर्ष और उनके बेटे अली हमजा उम्र चार माह के रूप में हुई है। घायलों में अकरम उम्र 40 वर्ष और उनकी बेटी जुबिया नूर उम्र पांच वर्ष शामिल हैं। परिवार ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के तुमरिया कला गांव का रहने वाला है।

दिल्ली नौकरी पर जा रहा था परिवार

परिजनों ने बताया कि अकरम मुरादाबाद स्थित घर से दिल्ली के जैतपुर में नौकरी पर बाइक से जा रहे थे। बछलौता फ्लाईओवर के पास आगे चल रही भूसे से लदी गाड़ी को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। तभी पीछे से आए वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-altercation-between-two-individuals-at-a-c/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Ddb_YoTBeNE/?stkn=NWRqaHI4bDdpOGVx