Hapur News : हापुड़ में सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव माधापुर में देर रात करीब डेढ़ बजे घर में सो रही दो बहनों पर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हमले में दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख पुकार सुनकर जागे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों बहनें रात में घर के अंदर सो रही थीं तभी एक युवक ने उन पर तेजाब डाल दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस गांव में पहुंची और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी निवासी हर्ष भाटी नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बड़ी बहन कीर्ति का रिश्ता कुछ समय पहले हर्ष के साथ तय हुआ था जो बाद में टूट गया था। इसी बात से वह नाराज बताया जा रहा है। पुलिस हमले के कारणों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गढ़ सीओ राहुल यादव ने बताया कि आरोप के आधार पर युवक को हिरासत में लिया गया है।



