Hapur News : थाना हाफिजपुर क्षेत्र में 5 लाख रुपये की लूट का मामला फर्जी निकला। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली है। आरोपी ने कर्ज के दबाव में पैसे छिपाकर लूट की झूठी कहानी बनाई थी।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शुक्रवार को हाफिजपुर पुलिस को पांच लाख रुपये लूटे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शिकायतकर्ता की बातों में कई चीजें संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव उबारपुर नाले के पास से गुलहसन को पकड़ा जो बुलंदशहर के थाना शिकारपुर के गांव रामपुर मानपुर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि उस पर काफी कर्ज था और रकम लौटाने का दबाव बना हुआ था। इसी वजह से उसने पांच लाख रुपये छिपा दिए और पुलिस को लूट की झूठी सूचना दे दी।
आरोपी ने पांच लाख रुपये कैंटर के डाले में लगे एक पाइप के अंदर छिपाए थे और किसी को शक न हो इसलिए पाइप के मुंह पर वेल्डिंग भी करा दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पाइप खुलवाया तो उसके अंदर से पूरी नकदी बरामद हो गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कैंटर को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




