ग्रेटर नोएडा। किसान सभा की ओर से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के 44 गांवों में “किसान जोड़ो, किसान बचाओ” तिरंगा यात्रा निकाली गई। किसानों के अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर आयोजित इस यात्रा के लिए दो टीमें गठित की गई थीं। एक टीम ने पश्चिमी क्षेत्र और दूसरी टीम ने पूर्वी क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का समापन किसान सभा के जिला कार्यालय, जैतपुर में हुआ।
समापन कार्यक्रम में किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का समापन किया।
10 प्रतिशत आबादी प्लॉट समेत प्रमुख मांगों पर जोर
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसानों की लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट की मांग को लेकर किसान सभा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक से प्रस्ताव पारित करवाकर वर्ष 2024 में शासन के अनुमोदन के लिए भेज चुकी है।
डॉ. वर्मा के अनुसार, आबादी से जुड़े 854 प्रकरणों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन 10 प्रतिशत प्लॉट के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलना अभी बाकी है। वहीं 854 आबादी प्रकरणों को प्राधिकरण बोर्ड से पारित किया जाना भी लंबित है।
उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट, 854 आबादी प्रकरण, नए कानून के अनुसार सर्किल रेट का पुनरीक्षण और विकसित प्लॉट सहित प्रमुख मांगों का समाधान नहीं हो जाता।
जनप्रतिनिधियों पर भी उठाए सवाल
डॉ. रुपेश वर्मा ने भाजपा सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि किसानों के मुद्दों को शासन के सामने मजबूती से रखने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा किसी जनप्रतिनिधि के भरोसे नहीं, बल्कि किसानों की एकजुटता और अपने संघर्ष के दम पर अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि किसान संघर्ष मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता पिछले दो वर्षों में किसानों के मुद्दों को लेकर दो बार जेल जा चुके हैं। उनके मुताबिक, लगातार चले संघर्ष के बाद प्राधिकरणों को बोर्ड बैठकों में 10 प्रतिशत प्लॉट का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजना पड़ा।
17 अगस्त को महापड़ाव का आह्वान
किसान सभा ने अब 17 अगस्त को महापड़ाव का ऐलान किया है। डॉ. वर्मा ने किसानों से बड़ी संख्या में महापड़ाव में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसानों के अधिकारों की लड़ाई है और मांगों के अंतिम समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।
तिरंगा यात्रा और समापन कार्यक्रम में निशांत रावल, भोजराज रावल, अजब सिंह नेताजी, मुकेश खेड़ी, अजय पाल भाटी, अजब सिंह नगर, अजब सिंह भाटी, सलारपुर, मटोल खेड़ी, जय किशन खेड़ी, भीम खैरपुर, नरेश मुखिया, बाबा करतार सैनी, संदीप भाटी, प्रशांत भाटी, सुशांत भाटी, अभिषेक भाटी, नितिन भाटी, देशराज राणा, गवरी मुखिया, सेल यादव, सतबीर यादव, गुरप्रीत एडवोकेट, राहुल नगर, ओमदत्त, पंडित जी, सोनू समानिया और यतेंद्र मैनेजर समेत सैकड़ों किसान सभा कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।

Oplus_16908288
Posted inGreater Noida News