Hapur News : हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को कुचेसर फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर खड़ी एक कार के अंदर 26 साल के युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी सिखेड़ा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शकरपुर गांव के निवासी अरुण के रूप में हुई है। परिवार वालों के मुताबिक अरुण 14 अगस्त को अपनी स्विफ्ट कार यूपी-15 एचटी-4259 से बहन नेहा के घर बंबावड़, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर गया था। बहन को सिंधारा देकर वह वापस लौट रहा था। शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उसकी दोस्त अंशुल से फोन पर बात भी हुई थी। उस समय अरुण ने शराब पी रखी थी और ठीक से बात नहीं कर पा रहा था।
इसके थोड़ी देर बाद परिजनों को खबर मिली कि अरुण की कार कुचेसर फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर लावारिस खड़ी है और अंदर वह अचेत अवस्था में है। बाबूगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार से शव बाहर निकलवाया, पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। शुरुआती तौर पर शराब के अधिक सेवन से मौत की संभावना जताई जा रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। बेटे की मौत की सूचना से घर में मातम पसर गया है।



