हापुड़ डीएम और एसपी ने हेलीकॉप्टर से की पुष्प वर्षा

हापुड़ डीएम और एसपी ने हेलीकॉप्टर से की पुष्प वर्षा

Hapur News : हापुड़ में सावन के पावन अवसर पर जनपद में भक्ति और आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने हेलीकॉप्टर से जनपद की सीमाओं में कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। इसी दौरान प्रशासन ने कांवड़ियों और शिवभक्तों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत भी किया।

बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम छपकौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर और ब्रजघाट गंगा घाट पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया। आकाश से फूल बरसते ही पूरा क्षेत्र ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ियों ने प्रशासन के इस सम्मानजनक कदम की सराहना की और खुशी जताई।

हवाई सर्वेक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शिवभक्तों के लिए बनाए गए विश्राम शिविरों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

जिला प्रशासन की इस पहल को श्रद्धालुओं ने सराहा है। उनका कहना है कि पुष्प वर्षा और हवाई निगरानी से यात्रा के दौरान सुरक्षा का भरोसा भी मिला और यात्रा और अधिक आनंदमय हो गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *