‘4 मई के बाद खुलेंगी हर अत्याचार की फाइलें, ये मोदी की गारंटी है’— पानिहाटी रैली में TMC पर बरसे PM मोदी

‘4 मई के बाद खुलेंगी हर अत्याचार की फाइलें, ये मोदी की गारंटी है’— पानिहाटी रैली में TMC पर बरसे PM मोदी

पानिहाटी (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानिहाटी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। आरजी कर मेडिकल कॉलेज की पीड़िता की मां और भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ के समर्थन में हुंकार भरते हुए पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए वादा किया कि 4 मई को नतीजे आने के बाद बंगाल में हुए हर अन्याय का हिसाब होगा।

पीड़िता की मां को मैदान में उतारकर दिया कड़ा संदेश
रैली के दौरान पीएम मोदी के साथ मंच पर आरजी कर कांड की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ मौजूद थीं। उनकी ओर इशारा करते हुए भावुक स्वर में पीएम ने कहा, “जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया और टीएमसी के महाजंगलराज ने उसे छीन लिया, बीजेपी ने उस मां को अपना उम्मीदवार बनाकर बंगाल की बेटियों के सम्मान की लड़ाई शुरू की है।”

टीएमसी के ‘दीये’ की फड़फड़ाहट: पीएम मोदी
पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार तय हो चुकी है। उन्होंने कहा:
“पहले चरण से ही बीजेपी की जीत का शंखनाद हो गया है। अपनी हार देखकर टीएमसी बौखला गई है। जैसे दीया बुझने से पहले फड़फड़ाता है, वैसे ही टीएमसी की हालत है। अब इनके गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी, उन्हें कोई नहीं बचा पाएगा।”

‘घर से न निकलें’ कहने वाली सरकार को जाना होगा
बेटियों की सुरक्षा पर टीएमसी सरकार को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं, तो यह निर्मम सरकार उन्हें घर के अंदर रहने की सलाह देती है। उन्होंने बहनों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “एक बहन ने मुझे राखी भेंट की है, और यह भाई वादा करता है कि बहनों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि होगी। 4 मई के बाद अन्याय की हर फाइल दोबारा खुलेगी और दोषियों को सजा मिलेगी— यह मोदी की गारंटी है।”

बंगाल चुनाव का समीकरण
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। अब शेष 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। चुनावी नतीजों की घोषणा 4 मई को होगी, जिसे लेकर पीएम मोदी ने ‘फाइलें खोलने’ का बड़ा ऐलान किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *