Hapur News : हापुड़ में दो लाख के विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में दो लाख के विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ के सिटी कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अमन सागर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दो लाख रुपये के उधारी विवाद में रॉड से हमला कर हत्या की गई थी और शव बदनौली फाटक के पास खेत में फेंका गया था। हत्या में इस्तेमाल रॉड भी बरामद कर ली गई है।

सीओ ने किया मामले का खुलासा

गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सीओ दीपक चतुर्वेदी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसरूपनगर निवासी प्रशांत और पंकज हैं। पूछताछ में सामने आया कि अमन ने प्रशांत को करीब ढाई लाख रुपये उधार दिए थे, जिसमें से कुछ रकम लौटा दी गई थी लेकिन करीब दो लाख रुपये बकाया थे।

बहन की शादी के लिए मांग रहा था रुपये

पुलिस के अनुसार अमन नवंबर में अपनी बहन की शादी के लिए रुपये मांग रहा था। इसी को लेकर करीब एक सप्ताह पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान अमन ने प्रशांत को गाली दी, जिससे नाराज होकर प्रशांत ने हत्या की साजिश रची।

स्कूटी पर बैठाकर जंगल में ले गए

पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम करीब सात बजे प्रशांत रुपये लौटाने के बहाने अमन को अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गया। मोदीनगर रोड पर उन्हें आयुष और पंकज मिले और तीनों मिलकर अमन को बदनौली के जंगल की ओर ले गए।

बीयर पिलाकर किया हमला

जंगल में सभी ने बीयर पी। पुलिस के अनुसार नशे की हालत में अमन से डिप्स लगाने के लिए कहा गया और जैसे ही वह नीचे झुका तो आरोपियों ने रॉड से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खेत में शव फेंककर फरार हुए आरोपी

हत्या के बाद आरोपी शव को बदनौली फाटक के पास खेत में फेंककर फरार हो गए। मंगलवार सुबह खेत में शव मिलने के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने प्रशांत और पंकज को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल रॉड बरामद कर ली है। सीओ ने बताया कि मामले में आयुष और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-allegations-of-irregularities-in-the-legis/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dd9LNSwhurJ/?stkn=MWVvanc4b3B2MWh3bg==

1 Comment

Comments are closed