Hapur News : हापुड़ जिले में हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन के चालक को चंद सेकेंड की नींद की झपकी ने 22 लोगों की जान जोखिम में डाल दी। यह हादसा थाना हाफिजपुर क्षेत्र के रामपुर अंडरपास फ्लाईओवर पर रविवार को हुआ, जब दिल्ली से श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई लेकिन 7 श्रद्धालु घायल हो गए।
नैनीताल कैंची धाम जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली का एक परिवार और उनके रिश्तेदार वीकेंड पर देवभूमि उत्तराखंड की यात्रा पर निकले थे। सभी 22 यात्रियों का गंतव्य नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम था, जहां वे नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। मुरादाबाद की दिशा में जाते समय हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र में यह सफर हादसे में बदल गया।
घायलों की पहचान हुई
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान दिल्ली निवासी वंश तिवारी 15 वर्ष, नीरज 38 वर्ष, शालिनी 35 वर्ष, निशु उर्फ दिवास 8 वर्ष, यशिका उर्फ पीहू 10 वर्ष, रेनू मिश्रा 41 वर्ष और वीरेन कुमार तिवारी 11 वर्ष के रूप में हुई है। राहत की बात है कि सभी को हल्की चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का कारण चालक को आई नींद की झपकी थी। अक्सर रात या तड़के हाईवे पर ड्राइविंग के दौरान चालकों को नींद का सामना करना पड़ता है। गाड़ी पलटने के बाद अंदर सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई और शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि डायल 112 पर ट्रैवलर पलटने की सूचना मिली थी। पीआरवी तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से यात्रियों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-bku-holds-monthly-meeting-at-simbhaoli-pow/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/p/Dd-nh_UtORv/?stkn=bzNmZDZrenRydXlu





Pingback: Hapur News : हापुड़ में गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान - GBN Today