ग्वालियर/भोपाल: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों और भरोसे को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। भोपाल की रहने वाली एक पूर्व एयरलाइंस कर्मचारी महिला, जो अपने पति से अनबन के बाद मदद की उम्मीद में अपने दोस्त के पास ग्वालियर पहुंची थी, वहां दरिंदगी का शिकार हो गई। आरोप है कि महिला के दोस्त ने ही उसे अपने एक क्लाइंट के पास भेज दिया, जिसने डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मदद के बहाने बुलाया ग्वालियर
जानकारी के अनुसार, भोपाल के जहांगीराबाद की रहने वाली 25 वर्षीय पीड़िता पहले इंडिगो एयरलाइंस में काम करती थी। 23 जनवरी को पति से विवाद होने के बाद उसने अपने ग्वालियर निवासी दोस्त नितिन भदौरिया से संपर्क किया। नितिन ने उसे मदद का भरोसा देते हुए ग्वालियर बुला लिया। बताया जा रहा है कि नितिन पहले उसे अपने घर ले गया था, लेकिन माता-पिता के विरोध के कारण वह उसे वहां नहीं रख सका।
दोस्त के क्लाइंट ने की हैवानियत
दोस्त नितिन ने पीड़िता को रहने की जगह दिलाने के बहाने अपने एक क्लाइंट पंकज शुक्ला से मिलवाया। आरोपी पंकज महिला को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गमोरा होटल के पास स्थित एक फ्लैट पर ले गया। आरोप है कि 25 जनवरी की रात पंकज ने महिला के सामने शराब पी और विरोध करने के बावजूद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। वारदात के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
जीरो पर दर्ज हुई FIR, आरोपी की तलाश जारी
हैरतअंगेज बात यह है कि घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने किसी तरह अपने पति को फोन किया, जो उसे लेने ग्वालियर पहुंचा। भोपाल लौटने के बाद पीड़िता ने जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। भोपाल पुलिस ने ‘जीरो’ पर कायमी कर केस डायरी ग्वालियर भेजी।
ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने अब आरोपी पंकज शुक्ला के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।