Hapur News : थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बछलौता में नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव काले बुर्के में लिपटा हुआ था। गांव की नहर में पानी के साथ बहता हुआ शव 57 वाले रास्ते पर बने पुल के नीचे पहुंच गया। वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।

पुल के नीचे बहता मिला शव
सूचना पर थाना बाबूगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया। मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। महिला कहां की रहने वाली थी और उसका शव नहर तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला की मौत डूबने से हुई या किसी अन्य वजह से, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद चलेगा। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने में जुटी है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-lapses-found-in-preparations-for-kartik-pu/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/p/DfsE9s9hdWL/?psln=MXg2aTFmb3JuN2g5bw==



